लखनऊ। राजधानी के गुड़ंबा थाना क्षेत्र स्थित सृष्टि अपार्टमेंट के पास से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है।
क्या है पूरा मामला? पीड़ित राजकिशोर के अनुसार, सृष्टि अपार्टमेंट के पास उनसे ₹30 हजार की नकदी लूट ली गई। वारदात के तुरंत बाद पीड़ित ने साहस दिखाते हुए अपने साथियों की मदद से एक कथित लुटेरे को मौके पर ही दौड़ाकर दबोच लिया। स्थानीय लोगों की भीड़ के बीच आरोपी को पकड़े जाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं।

इसके बाद पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी और पकड़े गए आरोपी को मौके पर पहुंची पुलिस टीम के हवाले कर दिया।
पीड़ित का गंभीर आरोप पीड़ित राजकिशोर का सीधा आरोप है कि आरोपी को रंगे हाथ सौंपे जाने के बावजूद गुड़ंबा पुलिस ने न तो मामले में मुकदमा दर्ज किया और न ही कोई ठोस कानूनी कार्रवाई की। पीड़ित का कहना है कि आरोपी को बिना किसी सख्त कदम के छोड़ दिया गया, जिसके चलते वह न्याय के लिए थाने के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
कानून व्यवस्था पर सवाल यदि पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोप सही हैं, तो यह पुलिसिया व्यवस्था की लापरवाही को दर्शाता है। बड़ा सवाल यह उठता है कि जब आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, तब भी उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया क्यों नहीं अपनाई गई?
फिलहाल इस पूरे प्रकरण को लेकर उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई है। अधिकारियों की निष्पक्ष जांच के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
