गोरखपुर। शहर के लाल डिग्गी स्थित स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित इंटर कॉलेज परिसर में बुधवार की सुबह एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से सनसनी फैल गई। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले देवरिया निवासी छात्र अनूप कुमार (पुत्र रामाश्रय प्रसाद) का शव विद्यालय के बाथरूम के अंदर संदिग्ध हालत में पाया गया। सुबह करीब 9:30 बजे जैसे ही इस घटना की जानकारी स्टाफ और अन्य विद्यार्थियों को हुई, पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।

सीसीटीवी फुटेज और प्रारंभिक जांच घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की। फुटेज के अनुसार, छात्र सुबह अकेले गमछा लेकर बाथरूम की तरफ जाता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके बाद वह बाहर नहीं निकला। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए छात्र का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है और कॉल डिटेल्स व मैसेज खंगाले जा रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों का बयान व सख्त निर्देश सूचना पाकर एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार और एसपी सिटी निमिष पाटिल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का मुआयना किया। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी छात्र के परिजनों को दे दी गई है। मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के विशेष पैनल द्वारा कराया जाएगा और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी होगी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।
