अयोध्या में 10वां दीपोत्सव:
*अयोध्या में 10वां दीपोत्सव: योगी ने खींचा राम का रथ, उपराष्ट्रपति ने किया तिलक, 30 लाख दीयों से जगमग हुई रामनगरी*
*अयोध्या।* रामनगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव का भव्य आगाज हो गया है। पूरी अयोध्या त्रेतायुग जैसी दिख रही है। रामकथा पार्क में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण का राज्याभिषेक हुआ। सीएम योगी ने माला पहनाई, जबकि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने तिलक किया। इस दौरान हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा हुई।
इसके बाद राम, सीता और लक्ष्मण रथ पर सवार हुए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद रथ खींचा। उनके साथ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, मंत्री जयवीर सिंह समेत अन्य मंत्री भी मौजूद रहे।
*30 लाख दीयों से रोशन होगी राम की पैड़ी*
दसवें दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए पूरी अयोध्या को पारंपरिक दीपों के साथ आधुनिक रोशनी से सजाया गया है। राम की पैड़ी पर 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का काम शुरू हो गया है। धर्मपथ पर 50 डिजिटल स्तंभों के जरिए रामायण के प्रसंग दिखाए जा रहे हैं। नेशनल हाईवे से प्रवेश द्वार तक दोनों ओर 12-12 फीट ऊंचे ये स्तंभ डिजिटल लाइट शो का हिस्सा होंगे।
*500 साल के संघर्ष के बाद विराजे रामलला: योगी*
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि दीपोत्सव भगवान श्रीराम के 14 वर्ष का वनवास पूरा कर अयोध्या लौटने के प्रसंग को जीवंत करता है। आज की अयोध्या को देखकर ऐसा लगता है कि त्रेतायुग में भगवान श्रीराम और माता जानकी के लौटने पर अयोध्यावासियों ने जिस दृश्य को देखा होगा, वैसा ही दृश्य आज फिर दिखाई दे रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या ने अपने इतिहास में कई चुनौतियों का सामना किया है। रामभक्तों, संतों, निहंगों और समाज के हर वर्ग ने इनका डटकर मुकाबला किया। 500 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद रामलला अपने जन्मस्थान पर विराजमान हुए हैं। रामजन्मभूमि आंदोलन में संतों और रामभक्तों ने लंबा संघर्ष किया, अशोक सिंघल के मार्गदर्शन में आंदोलन आगे बढ़ा, जिसमें अनेक कारसेवकों ने बलिदान दिया।
सीएम योगी ने उपराष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि उपराष्ट्रपति का अयोध्या की पावन धरा पर आगमन हम सभी के लिए गौरव का विषय है। तमिलनाडु के एक सामान्य परिवार में जन्म लेने के बाद उन्होंने भारतीय परंपराओं, संस्कृति और आदर्शों के प्रति समर्पण भाव से सार्वजनिक जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
*इकबाल अंसारी ने शोभायात्रा पर बरसाए फूल*
अयोध्या में सौहार्द की मिसाल भी देखने को मिली। राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद भूमि विवाद मामले के पूर्व वादी इकबाल अंसारी और उनकी बस्ती के लोगों ने पंजीटोला इलाके से गुजर रही शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की।
अंसारी ने कहा, ‘मैंने अपनी बस्ती के लोगों के साथ मिलकर दोपहर करीब 12 बजे शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की। दीपावली भगवान राम के वनवास से अयोध्या लौटने की खुशी में मनाई जाती है। यह त्योहार पूरी दुनिया में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। त्योहारों में मिठाइयों की मिठास, फूलों की खुशबू और आपसी भाईचारा होना चाहिए।’
इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी दीपोत्सव कार्यक्रम में पहुंचीं। सीएम योगी ने साधु-संतों और महंतों से भी मुलाकात की।
