नर्मदापुरम बना फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा शूटिंग लोकेशन, ‘महारानी’ सीजन-5 की शूटिंग शुरू नर्मदांचल में फिल्म पर्यटन की असीम संभावनाएं, स्थानीय प्रतिभाओं और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा रिपोर्ट: विकास सियारिया | नर्मदापुरम
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश को फिल्म टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बीच नर्मदापुरम जिला भी फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा शूटिंग लोकेशन के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। जिले की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक परिवेश और आध्यात्मिक स्थलों की खूबसूरती लगातार फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रही है।
इसी क्रम में लोकप्रिय वेब सीरीज ‘महारानी’ के सीजन-5 की शूटिंग का शुभारंभ गुरुवार को स्थानीय सर्किट हाउस में किया गया। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री साईं कृष्णा एस. थोटा ने मुहूर्त शॉट का क्लैप देकर शूटिंग का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन एवं डीएफओ श्री गौरव शर्मा सहित वेब सीरीज की टीम मौजूद रही।
लगातार पांचवें वर्ष नर्मदापुरम में शूटिंग
‘महारानी’ वेब सीरीज की शूटिंग लगातार पांचवें वर्ष नर्मदापुरम में होना जिले में बढ़ते फिल्म टूरिज्म का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है। नर्मदापुरम का प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक परिवेश फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षक शूटिंग लोकेशन के रूप में उभर रहा है।
फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग से नर्मदापुरम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ स्थानीय पर्यटन, व्यवसाय और अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की संभावनाएं बढ़ी हैं। वहीं स्थानीय कलाकारों, युवाओं और अन्य प्रतिभाओं को फिल्म जगत से जुड़ने के अवसर मिलने की उम्मीद है।
फिल्म निर्माताओं को हर संभव सहयोग
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जिले में फिल्म टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन फिल्म निर्माताओं को हर संभव सहयोग उपलब्ध करा रहा है। प्रयास है कि निर्माताओं को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपयुक्त लोकेशन उपलब्ध कराई जाएं और जिले में अधिक से अधिक फिल्मों एवं वेब सीरीज की शूटिंग हो।
उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम विगत वर्षों में फिल्म शूटिंग के लिए एक उपयुक्त स्थान के रूप में उभरा है। जिले के प्राकृतिक और ऐतिहासिक स्थल फिल्मांकन के लिए अनुकूल हैं। शूटिंग से स्थानीय स्थलों को पहचान मिलने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच और रोजगार के नए अवसर भी मिल सकते हैं।
हुमा कुरैशी ने बताया पसंदीदा शूटिंग लोकेशन
वेब सीरीज की लीड अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने नर्मदापुरम को अपनी पसंदीदा शूटिंग लोकेशन में से एक बताया। उन्होंने कहा कि यहां शूटिंग के लिए अच्छा और फ्रेंडली माहौल मिलता है तथा स्थानीय प्रशासन का सहयोग शूटिंग को आसान बनाता है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया।
वेब सीरीज के निर्माता नरेन कुमार ने बताया कि वे करीब तीन दशक से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हैं और विभिन्न शहरों में कई प्रोजेक्ट के लिए शूटिंग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम में मिलने वाला प्यार और सकारात्मक ऊर्जा उनके लिए अलग अनुभव है। पिछले पांच वर्षों से लगातार यहां शूटिंग के कारण उनका स्थानीय लोगों से आत्मीय संबंध बन गया है।
उन्होंने नर्मदापुरम को अपने लिए ‘मित्रभूमि’ बताते हुए कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि वे स्वयं यहां शूटिंग करें और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अन्य लोगों को भी नर्मदापुरम में शूटिंग के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने अभिनेता हुमा कुरैशी, डायरेक्टर पुनीत प्रकाश, प्रोड्यूसर नरेन कुमार, शशि ठाकुर, डीओपी अनुराग सोलंकी सहित पूरी टीम का स्वागत किया और जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।