भैरुंदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शादी का झांसा देकर नाबालिग को ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार, दो लड़कियां दस्तयाब
लोकेशन : भैरुंदा, सीहोर
रिपोर्ट : विकास सियारिया
भैरुंदा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए बहला-फुसलाकर ले जाई गईं दो नाबालिग लड़कियों को दस्तयाब किया है। पुलिस ने एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को दो अलग-अलग फरियादियों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटियों को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायतों पर थाना भैरुंदा में अपराध क्रमांक 522/26 एवं 523/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम दांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने लगातार तलाश और मुखबिर तंत्र की मदद से एक नाबालिग को 10 सितंबर 2026 को दस्तयाब किया। वहीं दूसरी नाबालिग को 11 सितंबर 2026 को इंदौर से आरोपी प्रवीण भुसारिया पिता लख्खीराम भुसारिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम खाण्डाबड़, थाना बुधनी, जिला सीहोर के कब्जे से दस्तयाब किया गया।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग से पूछताछ एवं कथन लिए गए, जिसमें उसने आरोपी द्वारा शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने की बात बताई। इसके बाद प्रकरण में धारा 87 बीएनएस का इजाफा किया गया। पुलिस ने आरोपी प्रवीण भुसारिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक पूजा सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक रवि ठाकुर, प्रधान आरक्षक मुकेश उईके, आरक्षक सतेन्द्र दोहरे एवं आरक्षक लवकेश जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।