भोपाल में अधिवक्ता से कथित मारपीट के विरोध में उदयपुरा के वकीलों ने सौंपा ज्ञापन
अधिवक्ता संरक्षण कानून लागू करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
उदयपुरा। भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में अधिवक्ता राकेश रावल के साथ कथित मारपीट एवं दुर्व्यवहार के मामले को लेकर उदयपुरा के अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताई। अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और अपने पक्षकारों के अधिकारों एवं हितों की पैरवी करते हैं। ऐसे में अधिवक्ताओं के साथ मारपीट, अभद्रता अथवा उनके पेशेगत कार्य में बाधा डालने की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
अधिवक्ताओं ने भोपाल की घटना का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही मध्यप्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानूनी व्यवस्था बनाने और अधिवक्ता संरक्षण कानून लागू करने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से रखी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राजेश कटारे, पुरुषोत्तम दुबे, पुरुषोत्तम लोधी, रामकुमार नायक, देवेंद्र रघुवंशी, मिथलेश मेहरा, रसिक बिहारी रघुवंशी, सुनील दीक्षित, राजीव रघुवंशी, कविता रजक, अजय मिरोठा सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट: विकास सियारिया | मध्य प्रदेश