गोरखपुर: सरदार पटेल जयंती पर DM दीपक मीणा ने किया नमन
*गोरखपुर: सरदार पटेल जयंती पर DM दीपक मीणा ने किया नमन, कलेक्ट्रेट में अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ*
*गोरखपुर।* लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अपने कार्यालय में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
सभी ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए योगदान देने का संकल्प लिया। अधिकारियों-कर्मचारियों ने कहा कि वे देश की एकता की भावना को मजबूत करने के लिए स्वयं को समर्पित करेंगे और देशवासियों में यह संदेश फैलाने का प्रयास करेंगे।
DM दीपक मीणा ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर सरदार पटेल ने एक मजबूत और एकीकृत भारत की नींव रखी। उनका जीवन देशसेवा, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देता है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में ADM प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, ADM सिटी गजेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
